झारखंड

डॉ. अजय की बढ़ती लोकप्रियता से बिगड़ा ओझा का मानसिक संतुलन – राकेश साहू

Published

on

जमशेदपुर। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश साहू ने कहा है कि पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार की लगातार बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा बौखला गई है। इसी कारण से भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा द्वारा गलत बयानबाजी कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। गुरुवार को प्रेस बयान जारी करते हुए राकेश साहू ने भाजपा महानगर अध्यक्ष के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

साहू ने कहा कि जानकारी के अभाव में ओझा गलत बयान दे रहे हैं। उन्हें यह समझना चाहिए कि डॉ. अजय कुमार ने अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान जमशेदपुर सहित पूरे संसदीय क्षेत्र में सांसद निधि से 50,000 पौधे लगाए थे, जो आज वृक्ष बनकर शहर की हरियाली बढ़ाने और प्रदूषण को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ये वृक्ष डॉ. अजय कुमार की पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। इसके अलावा, उन्होंने मानगो पुल के दोनों ओर फुटपाथ पर बड़े गमलों में पौधे भी लगवाए थे, जिन्हें भाजपा कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया था। यह भाजपा की घटिया मानसिकता को दर्शाता है।

यह भी पढ़ें : शिक्षा संकाय, करीम सिटी कॉलेज, मानगो, जमशेदपुर में शिक्षक दिवस समारोह।

राकेश साहू ने सवाल किया कि डॉ. अजय कुमार द्वारा लगाए गए पौधों का श्रेय उन्हें क्यों नहीं मिलना चाहिए? भाजपा नेताओं को इस पर आपत्ति क्यों हो रही है, यह समझ से परे है। उन्होंने भाजपा से पूछा कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा सांसद ने कितने पौधे लगाए हैं? शायद एक भी नहीं। यही कारण है कि भाजपा को डॉ. अजय कुमार द्वारा किए गए अच्छे कार्यों से चिढ़ हो रही है, और उनकी लोकप्रियता से भाजपा नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।

साहू ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने 25 वर्षों तक मालिकाना हक के नाम पर जनता को ठगा है। 2014 में प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार के बावजूद लोगों को मालिकाना हक नहीं मिल सका, और आज भी जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। इस बार क्षेत्र की जनता ने डॉ. अजय कुमार को अपना जनप्रतिनिधि बनाने का मन बना लिया है, और यह स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा है।

यह भी पढ़ें : झारखंड में मंडी टैक्स की चर्चा पर सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स का विरोध, रांची में व्यापारी संगठनों की बैठक में उठे मुद्दे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version