गिरिडीह/बिरनी, 26 दिसंबर 2025 : गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में अवैध स्प्रिट तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। गुरुवार देर रात लगभग 11 बजे घने कोहरे के बीच पुलिस ने एक पिकअप वैन और उसे स्कॉर्ट कर रही स्विफ्ट डिज़ायर कार को रोककर जांच की, जिसमें कुल 39 जार अवैध स्प्रिट बरामद की गई। पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद डीएसपी धनंजय राम के निर्देश पर दो विशेष टीमों का गठन किया गया था। एक टीम ने बैंकों से मंझलाडीह मार्ग पर मोर्चा संभाला, जबकि दूसरी टीम ने माखमरगो चौक से बिरनी होते हुए किवाड़ की ओर जाने वाले रास्ते को कवर किया। इसी दौरान पिकअप वैन JH 09 AM 1710 और स्कॉर्ट कर रही स्विफ्ट डिज़ायर कार JH 09 AM 8886 को रोका गया।
जांच में डिज़ायर से 3 जार तथा पिकअप वैन से 36 जार स्प्रिट बरामद की गई। बरामद वाहनों और माल की अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान इस प्रकार की गई है —
• अरुण कुमार, पिता भुवनेश्वर लाल, निवासी जरीडीह
• मुकेश कुमार, पिता स्व. गोपाल भारती, निवासी बेरमो क्षेत्र
• शंभू साव, पिता जगदीश साव, जरीडीह अंदर बस्ती
पुलिस का कहना है कि पकड़ा गया स्प्रिट अवैध शराब निर्माण के लिए ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपियों में शामिल शंभू साव का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
इस संबंध में बिरनी थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित की गई, जिसमें सरिया-बगोदर डीएसपी धनंजय राम, पुअनि देवनंदन कुमार, सअनि मनीष यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस अब स्प्रिट की सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य सहयोगियों की भी जांच कर रही है।
जिला संवाददाता – संतोष कुमार तरवे, The News Frame














