मनोहरपुर (जय कुमार): पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड के लक्ष्मीपुर में स्थित सीएससी सेंटर में बीती रात चोरों ने ताला तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर सेंटर से लगभग 95 हज़ार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
चोरी की पूरी घटना सीएससी सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आ चुका है। फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि चोर देर रात सेंटर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ते हुए रुपये ले जाते नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है। सेंटर संचालक ने मामले की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई है।
स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की है।









