स्वेटर वितरण व आंगनबाड़ी–विद्यालय में नामांकन की दी गई जानकारी
जमशेदपुर । जमशेदपुर से प्रकाशित एक दैनिक समाचार पत्र में “धूप के भरोसे जिंदगी; ठंड में नंग-धड़ंग कांपते सबर बच्चे, सरकारी दावों की खुली पोल” शीर्षक से प्रकाशित खबर के संदर्भ में जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम की ओर से स्थिति को स्पष्ट किया गया है।
जिला प्रशासन ने अपने स्पष्टीकरण में बताया कि सिंहपुरा पंचायत के माकड़ी और धादकीडीह टोला में रहने वाले सबर समुदाय के बच्चे पूरी तरह से सरकारी योजनाओं से आच्छादित हैं। प्रशासन के अनुसार, उक्त सभी छोटे बच्चे धादकीडीह एवं माकड़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में विधिवत नामांकित हैं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयावधि में बच्चों के बीच स्वेटर का वितरण किया गया था। आंगनबाड़ी सेविकाओं की निगरानी में बच्चे नियमित रूप से स्वेटर पहनकर आंगनबाड़ी केंद्रों में उपस्थित होते हैं।
वहीं, सबर टोला के बड़े बच्चे अर्जुनबेड़ा स्थित सरकारी विद्यालय में अध्ययनरत हैं। इन विद्यालयों में नामांकित सभी बच्चों को भी सरकारी प्रावधानों के तहत स्वेटर उपलब्ध कराए गए हैं, और वे नियमित रूप से स्वेटर पहनकर विद्यालय जाते हैं।

जिला प्रशासन ने यह भी जानकारी दी कि बच्चों को ठंड से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सबर टोला के अभिभावकों की काउंसिलिंग की जा रही है, ताकि वे अपने बच्चों को ठंड के मौसम में उचित ढंग से सुरक्षित रखें और ऊनी वस्त्रों का नियमित उपयोग सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सबर समुदाय के बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुँचाया जा रहा है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की भ्रांति से बचने हेतु वास्तविक स्थिति को सामने लाया गया है।














