कपाली (सरायकेला-खरसावां): सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत कपाली नगर परिषद परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर नगर परिषद परिसर को तिरंगे रंगों से सजाया गया था, जिससे पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः ध्वजारोहण से हुई, जहां एक्सक्यूटिव ऑफिसर श्री गोपी चंद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने एक साथ मिलकर राष्ट्रगान गाया। इस दौरान पूरे परिसर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयकारे गूंज उठे।
कार्यक्रम का संचालन नगर प्रबंधक मेहंदी हसन के मार्गदर्शन में किया गया, जिनके द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कराया गया। स्थानीय विद्यालयों के बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से आज़ादी के संघर्ष और देश की एकता-अखंडता का संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर नगर परिषद के कर्मचारी और अधिकारी एकजुट होकर कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने का संकल्प लिया। स्थानीय नागरिकों की भी अच्छी खासी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम जनभागीदारी का प्रतीक बन गया।
अंत में मिठाई वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन न केवल राष्ट्रीय पर्व का उत्सव था, बल्कि सामाजिक एकता, जिम्मेदारी और देशप्रेम की भावना को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ।













