- भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन ने बच्चों के बीच वितरित की आवश्यक सामग्री
जमशेदपुर | 8 जनवरी 2025
भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन, पूर्वी सिंहभूम की ओर से संगठन के संस्थापक पूज्य राजा चंद्रवंशी जी की जयंती के अवसर पर बाल सुधार गृह, घाघीडी, जमशेदपुर में एक सेवा एवं कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल सुधार गृह में निवासरत बच्चों को सहयोग प्रदान कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना था।
इस अवसर पर बच्चों के बीच जूते, चप्पल एवं खाने-पीने की आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सीजीएम श्री विशाल गौरव तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के सचिव श्री सौरभ त्रिपाठी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों से संवाद कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के संस्थापक पूज्य राजा चंद्रवंशी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण के साथ की गई। इसके बाद अतिथियों एवं संगठन के पदाधिकारियों द्वारा बच्चों के बीच सामग्री का वितरण किया गया, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती रही।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि पूज्य राजा चंद्रवंशी जी द्वारा दिखाए गए मार्ग और उनके अधूरे सपनों को साकार करने के संकल्प के साथ आज भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन देश के 19 राज्यों में 72,000 से अधिक सदस्यों के माध्यम से मानव कल्याण के कार्यों में सक्रिय है।

उनका प्रेरणादायक कथन—
“अपनी हिम्मत को सराहो मेरे हमराह बनो,
हमने एक शमा जलाई है हवाओं के खिलाफ”
आज भी संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शक बना हुआ है।
बताया गया कि जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न स्थानों पर सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन, पूर्वी सिंहभूम द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर, नशा मुक्ति अभियान, शिक्षा जागरूकता, महिला उत्पीड़न, बाल संरक्षण, बाल मजदूरी तथा मानवाधिकार हनन से जुड़े मामलों में निरंतर कार्य किया जाता रहा है।
यह सेवा कार्यक्रम संगठन के जिला अध्यक्ष श्री एस. एन. पाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में श्री वेद प्रकाश, श्री धीरज कुमार झा, श्री अशोक खंडेलवाल, श्री वीरेंद्र कुमार, श्री महावीर प्रसाद, श्री अमरलाल, श्री अनिल यादव, श्री राहुल झा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में संगठन की ओर से यह संकल्प दोहराया गया कि मानवता, बाल कल्याण एवं सामाजिक सेवा के कार्य भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी रखे जाएंगे।










