- सरयू राय ने एमजीएम अस्पताल का दौरा किया, कॉलोनीवासियों का गंदगी और बदबू से रहना मुश्किल, 15 सितंबर को एमजीएम अधीक्षक के साथ करेंगे बैठक
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को जनता की शिकायतों के मद्देनजर डिमना स्थित एमजीएम कॉलेज अस्पताल का दौरा किया। अस्पताल के बगल में रहने वाले कॉलोनीवासियों ने श्री राय को बताया कि मेडिकल कॉलेज से निकलने वाले दुर्गंधयुक्त और हानिकारक मेडिकल कचरे के कारण उनका वहाँ रहना मुश्किल हो रहा है। श्री राय ने अपने दौरे के दौरान उक्त शिकायत को सही पाया।
श्री राय ने बताया कि पिछले शनिवार को ही अस्पताल के कचरे की सफाई की गई थी और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया था। इसके बावजूद वहाँ बहुत तेज़ बदबू आ रही थी। उन्होंने बताया कि वहाँ एक नाला है जिसमें पहाड़ का पानी निकलता है। उस नाले को भी एलएंडटी कंपनी के लोगों ने कई जगहों पर बंद कर दिया है और उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया है।
हिल व्यू कॉलोनी और एमजीएम अस्पताल के बीच की दीवार भी टूट गई है। वायुसेना से सेवानिवृत्त एक सज्जन ने बताया कि वे बहुत परेशान हैं। एलएंडटी कंपनी ने उनके घर से सटी दीवार के पास एक खुला शौचालय बनाया है। उसका मल-मूत्र बंद नाली में गिरता है और आस-पड़ोस के लोग दिन भर बदबू से परेशान रहते हैं।
सरयू राय ने बताया कि उन्होंने इस मामले में एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक और उपाधीक्षक से बात की है। दोनों ने भी कमियों को स्वीकार किया है। श्री राय कल 15 सितंबर को अपने कार्यालय में दोनों से मिलेंगे और समस्या के समाधान पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
कॉलोनी के निवासियों ने श्री राय से कहा कि मेडिकल कॉलेज से जो भी हानिकारक और दुर्गंधयुक्त कचरा निकलता है, उसे हमारी बाउंड्री के पास न रखें। बदबू इतनी ज़्यादा होती है कि सिर चकरा जाता है, लोग अपने घरों की खिड़कियाँ बंद रखते हैं। कॉलोनी के निवासियों ने कहा कि कचरे का निपटान पहाड़ के किनारे या आबादी से दूर किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर सरयू राय सहित नवीन सिंह, श्याम सिंह, सत्येन्द्र सिंह, संजीव मुखर्जी, नीरज सिंह, पिंटू सिंह, पप्पू सिंह, मस्तान सिंह, संतोष भगत, मनोज राय, मनोज शर्मा, विजेन्द्र सिंह, बाला प्रसाद आदि उपस्थित थे।














