Jamshedpur : उपायुक्त की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन तथा जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक, योजनाओं की भौतिक एवं वितीय प्रगति हेतु दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी द्वारा जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत हर घर तक शुद्ध पेयजल की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उदेश्य से बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में परियोजनाओं की भौतिक प्रगति (नल कनेक्शन), गुणवत्ता नियंत्रण, रुकी हुई योजनाओं की गति बढ़ाने, और जलकर की वसूली के साथ-साथ जल स्रोतों के पुनर्भरण की समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिला समन्वयक जल जीवन मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सहित अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने कहा कि जल जीवन मिशन की योजनाएँ नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मानपूर्ण जीवन एवं स्वच्छ वातावरण से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि योजनाओं की प्रगति तथा निरंतरता, संतुलित, उद्देश्यपूर्ण एवं परिणाममुखी होनी चाहिए, जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाय।
लक्ष्य और प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों को नल-जल योजना से जोड़ने का लक्ष्य प्राथमिकता से पूर्ण करें। 5 स्टार श्रेणी में ओ0डी0एफ0 प्लास घोषित गांवों का लक्ष्य एवं सत्यापन कार्य पूर्ण करें।शौचालय आवेदन स्वीकृति का लक्ष्य एवं निर्माण में तेजी लाने को कहा। हर घर जल प्रमाणन केवल उन्हीं ग्राम पंचायतों में किया जाए जहाँ जलापूर्ति संरचनाएँ पूर्णतः कार्यशील एवं सुरक्षित हों।
निर्माणाधीन अथवा क्षतिग्रस्त संरचनाओं को तात्कालिक सुधारात्मक कार्रवाई के साथ दुरुस्त कर पूर्णतः क्रियाशील बनाए। कार्यान्वयन एजेंसियाँ गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समय-सीमा का कड़ाई से पालन करें; लापरवाही या निम्न गुणवत्ता पाए जाने पर नियमित प्रावधानों के अनुरूप कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एस.बी.एस. निरीक्षण रिपोर्ट के अनुरूप सभी योजनाओं का जियो-टैगिंग कार्य त्वरित गति से पूर्ण कराए। पूर्ण योजनाओं का विधिवत हस्तांतरण संबंधित ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को किया जाए। स्वच्छता एवं पेयजल योजनाओं की सतत निगरानी, फील्ड सत्यापन एवं नियमित प्रगति प्रतिवेदन सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त पेयजल से संबंधित जन शिकायत के लंबित मामले, ग्राम संपति पोर्टल पर अपलोड करने, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट इकाइ, ग्राम पंचायत स्तर पर अपष्टि संग्रहण, प्रबंधन, परिवहन, गोबर गैस प्लांट की स्थिति सहित आवंटन के विरूद्ध व्यय शत प्रतिशत सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
उपायुक्त ने विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय, संसाधनों के संतुलित व उत्तरदायी उपयोग, तथा कार्य-प्रगति की निरंतर निगरानी पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि फील्ड निरीक्षण को नियमित रखा जाए एवं आदर्श क्रियान्वयन पद्धति अपनाकर योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक समयबद्ध रूप से पहुँचाया जाए।













