जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के गोलमुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराना दुकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गोलमुरी थाना कांड संख्या 17/26 के तहत धारा 15 (C) एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई करते हुए 10 फरवरी को दोपहर 12:40 बजे न्यू अपना शॉप नामक किराना दुकान, मकान संख्या 75 एम.एस., में छापेमारी की गई। यह दुकान बलराम महतो (56 वर्ष) की बताई जा रही है, जो लाइन नंबर-02, हिंदू बस्ती, गोलमुरी थाना क्षेत्र का निवासी है।
छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर प्लास्टिक के बोरों में मसाले, आटा और बेसन के पैकेट रखे मिले। जब इन पैकेटों की जांच की गई तो उनमें बड़ी मात्रा में डोडा पाउडर जैसा संदिग्ध पदार्थ छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने कुल 256 पैकेट संदिग्ध पदार्थ बरामद किए, जिनका कुल वजन पैकेट सहित लगभग 88 किलोग्राम बताया गया है।
बरामद सामग्री में अलग-अलग ब्रांड के बेसन, आटा, हल्दी और मिर्च पाउडर के पैकेटों में छिपाकर रखा गया पदार्थ शामिल है। इसके अलावा मौके से एक विवो Y16 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी बलराम महतो को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
यह छापेमारी पुलिस उपाधीक्षक (नगर) सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में की गई। टीम में गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन, पुलिस अवर निरीक्षक इन्द्रदेव राम, मो. रफीक आलम, हवलदार जीत राम और आरक्षी अद्या शरण शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि बरामद संदिग्ध पदार्थ की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। मामले में संलिप्त अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई को शहर में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।










