जमशेदपुर:-पूर्वी सिंहभूम जिला खोखो एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को आयोजित कोल्हान प्रमंडलीय खोखो चैंपियनशिप 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन एवं समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय रहे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद नारियल फोड़कर चैंपियनशिप के लिए तैयार खोखो कोर्ट का उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में सरयू राय ने खोखो खेल की उपयोगिता और शारीरिक-मानसिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन और सुरक्षित खेल के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आयोजन समिति तथा कोल्हान प्रमंडल के विभिन्न जिलों से आई टीमों को शुभकामनाएं दी और पूर्वी सिंहभूम जिला खोखो एसोसिएशन द्वारा खिलाड़ियों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस चैंपियनशिप में कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों से चयनित 24 सर्वश्रेष्ठ टीमों ने हिस्सा लिया। सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले गए। प्रतियोगिता दो आयु वर्गों— अंडर-14 बालक/बालिका एवं अंडर-18 बालक/बालिका—में आयोजित की गई, जहाँ खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और कौशल का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप के परिणाम इस प्रकार रहे—
- अंडर-14 बालक वर्ग: विजेता – पोटका टीम, उपविजेता – डीके स्पोर्ट्स
- अंडर-14 बालिका वर्ग: विजेता – श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, बागबेड़ा ब्रांच; उपविजेता – पोटका टीम
- अंडर-18 बालक वर्ग: विजेता – संत जीडीएस अकादमी; उपविजेता – श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर
- अंडर-18 बालिका वर्ग: विजेता – संत जीडीएस अकादमी; उपविजेता – होली क्रॉस स्कूल
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि श्रवण कुमार (अध्यक्ष, केबीके समाजसेवी संगठन), रांची के समाजसेवी ऐरोन तथा नरेश लाल ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला खोखो एसोसिएशन के सचिव विक्टर विजय समद ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन एम. अरशद एवं डोबो चाकिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संयुक्त सचिव दयाल सिंह मेहरा ने दिया।
चैंपियनशिप को सफल बनाने में तकनीकी विशेषज्ञों के रूप में उषा बाखला, अजय महंती, डब्ल्यू. रहमान, एम. अरशद, दयाल सिंह मेहरा, अरबाज खान, सोनू कुमार, मोहन श्रीवास्तव, वीरेंद्र कुमार मिश्रा, के. गोपाल राव, स्वामी सर, राजू राव सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।














