चक्रधरपुर (जय कुमार):दक्षिण पूर्व रेलवे मंडल में आज ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन (AIRTU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चांद मोहम्मद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम श्री तरुण हुरिया एवं सहायक मंडल रेल प्रबंधक श्री विनय कुजूर से शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल द्वारा डीआरएम सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए बुके भेंट किए गए। इस अवसर पर डीआरएम श्री तरुण हुरिया को बुके देकर सम्मानित भी किया गया। बैठक का माहौल सौहार्दपूर्ण रहा और इसमें रेल कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण एवं ज्वलंत मुद्दों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से कहा गया कि ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन रेल कर्मियों के अधिकारों, सुविधाओं और हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रही है तथा भविष्य में भी कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर डिविजनल कोऑर्डिनेटर धनंजय सिंह, चाईबासा शाखा सचिव लालू कुजूर, दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के महासचिव सियाराम कुमार, अर्बन बैंक के डायरेक्टर निर्मल कुमार जाना, सागर कुंकल सहित यूनियन के कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने रेल प्रशासन के साथ संवाद को सकारात्मक पहल बताते हुए इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण बताया।














