जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परसुडीह थाना क्षेत्र के तड़ीपार घोषित कुख्यात अपराधी सुमित कुमार सिंह उर्फ लम्बू (26) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सरकारी आदेश की अवहेलना कर गोविन्दपुर क्षेत्र में घूम रहा था और किसी बड़ी वारदात की फिराक में था, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ था।
पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) पूर्वी सिंहभूम को 11 फरवरी को सूचना मिली कि तड़ीपार अपराधी सुमित सिंह गोविन्दपुर इलाके में सक्रिय है। सूचना के सत्यापन के बाद डीएसपी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान गोविन्दपुर रेलवे फाटक के पास से उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में परसुडीह थाना कांड संख्या 12/26, दिनांक 11 फरवरी 2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ झारखंड क्राइम कंट्रोल एक्ट-2002 की धारा 25 तथा बीएनएस 2023 की धारा 223(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम द्वारा सुमित कुमार सिंह को 2 फरवरी 2026 से 1 मई 2026 तक के लिए तड़ीपार घोषित किया गया था और उसके घर पर विधिवत नोटिस भी चस्पा किया गया था। इसके बावजूद वह क्षेत्र में घूमता पाया गया। गिरफ्तार आरोपी को 12 फरवरी 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
आपराधिक इतिहास: पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुमित सिंह के खिलाफ परसुडीह थाना में आर्म्स एक्ट, रंगदारी, मारपीट, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में चार से अधिक मामले दर्ज हैं।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी: कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) तौकिर आलम के नेतृत्व में परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।











