रांची/चाईबासा ( जय कुमार ) झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान रविवार शाम नक्सलियों द्वारा बिछाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) में जोरदार विस्फोट हो गया। इस घटना में सीआरपीएफ की 209 कोबरा बटालियन के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सलियों के खिलाफ चल रहे सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिबा गांव के पास बीहड़ जंगल में यह विस्फोट हुआ। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से पहले से दो IED प्लांट कर रखे थे, जिनमें अचानक विस्फोट हो गया।
विस्फोट की चपेट में आने से 209 कोबरा बटालियन के हेड कांस्टेबल अलख दास एवं हेड कांस्टेबल नरायन दास गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल जवानों को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया, जहां उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार जवानों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना की पुष्टि करते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान IED विस्फोट में दो जवान घायल हुए हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है और विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सारंडा जंगल लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का गढ़ रहा है। सुरक्षा बलों के लगातार और प्रभावी अभियानों से दबाव में आए नक्सली इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिसे उनकी हताशा का संकेत माना जा रहा है।














