मानगो (जमशेदपुर): मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड नंबर–1 के सामने, रोड संकोसाई, डिमना रोड पर बीती रात 11 बजकर 45 मिनट पर एक भीषण सड़क दुर्घटना घटी। आमने-सामने से आ रहे दो भारी ट्रकों की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद एक ट्रक का चालक ट्रक सहित घटनास्थल से फरार हो गया, जबकि दूसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चालक को तत्काल डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुटे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस द्वारा फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
रिपोर्टर: मारुति नंदन









