मानगो : मानगो नगर निगम क्षेत्र में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को लेकर गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। कुल 36 वार्डों में से 17 वार्डों को आरक्षित किया गया है। इन आरक्षित वार्डों से चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशियों के पास वैध जाति प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है, जबकि वर्तमान समय में जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किया जा रहा है। इससे बड़ी संख्या में इच्छुक एवं योग्य प्रत्याशी चुनाव प्रक्रिया से बाहर होने की स्थिति में हैं।
इसी गंभीर विषय को लेकर आज जनता दल (यूनाइटेड) के जिला सचिव श्री विकास कुमार साहनी की अध्यक्षता में कुमरूम बस्ती में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जदयू के मानगो, उलीडीह एवं आज़ादनगर थाना क्षेत्र समिति के अध्यक्षों के साथ-साथ संभावित वार्ड प्रत्याशी उपस्थित रहे।
बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी शनिवार को चुनाव से संबंधित पदाधिकारियों से मुलाकात कर इस समस्या को औपचारिक रूप से उनके समक्ष रखा जाएगा तथा मांग की जाएगी कि जाति प्रमाण पत्र निर्गत कराने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए या वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित न हो और कोई भी योग्य प्रत्याशी चुनाव लड़ने से वंचित न रहे।
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित थे जदयू उलीडीह थाना अध्यक्ष प्रवीण सिंह, मानगो थाना अध्यक्ष लालू गौड़, आजादनगर थाना अध्यक्ष मुश्ताक अहमद उपस्थित थे।














