- ब्राउन शुगर, अफीम, गांजा व नशीली कफ सिरप बरामद, 17 तस्कर गिरफ्तार
जमशेदपुर । मादक पदार्थों एवं नशे के संगठित कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जमशेदपुर पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 186 पुड़िया ब्राउन शुगर, लगभग 38.12 ग्राम अफीम, 90 पुड़िया गांजा तथा 27 बोतल नशीली कफ सिरप बरामद की है। इस कार्रवाई में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े कुल 17 अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये सभी अपराधी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नशे के पदार्थों की खरीद–फरोख्त में संलिप्त पाए गए। गुप्त सूचना के आधार पर गठित छापामारी दलों ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए इन तस्करों को रंगे हाथ पकड़ा। बरामद मादक पदार्थों को विधिवत जब्त कर संबंधित थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशे का कारोबार समाज, विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे भी लगातार सघन जांच, छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी रहेगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं इस अभियान की निरंतर समीक्षा की जा रही है और थाना प्रभारियों व विशेष टीमों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य न केवल नशे के कारोबारियों को सलाखों के पीछे भेजना है, बल्कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना भी है।
जमशेदपुर पुलिस की इस कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ कानून पूरी सख्ती से लागू किया जाएगा और जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में अभियान और तेज किया जाएगा।














