- एक दिया डाकघर के नाम
जमशेदपुर: सिंहभूम डाक मंडल के तत्वावधान में आज (शुक्रवार, 17 अक्टूबर) शाम 6:30 बजे जमशेदपुर प्रधान डाकघर (जीपीओ) में एक अनूठा और भव्य कार्यक्रम ‘दिया डाकघर के नाम’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में सिंहभूम मंडल के सभी डाक कर्मचारी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे और पूरे डाकघर को 1001 दीयों की रोशनी से जगमग करेंगे।
यह विशेष आयोजन दीयों की रोशनी के माध्यम से सेवा और समर्पण के प्रतीक डाक विभाग के प्रति सम्मान और प्रेम प्रकट करने का एक प्रयास है।
कार्यक्रम का संपादन जमशेदपुर प्रधान डाकघर के वरिष्ठ डाकपाल श्री शंकर कुजूर, सहायक डाक अधीक्षक श्री राज किशोर दास, और डाक निरीक्षक श्री सुमित रंजन के सानिध्य में सभी कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से किया जाएगा।
श्री कुजूर ने बताया कि 1001 दीयों की यह रोशनी न केवल डाकघर को रोशन करेगी, बल्कि कर्मचारियों के बीच एकता और टीम भावना को भी मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से इस प्रेरणादायक आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।
यह कार्यक्रम जमशेदपुर जीपीओ में दिवाली से पूर्व उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा, जहां हजारों दीयों की रोशनी में डाक कर्मचारी अपनी वर्षों की सेवा भावना का प्रदर्शन करेंगे।














