चक्रधरपुर (जय कुमार) :माननीय न्यायालय झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा के तत्वावधान में सोमवार, 12 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद की जयंती के शुभ अवसर पर प्रखंड चक्रधरपुर स्थित पंचायत समिति के विद्यालय न्यू फ्लाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में निःशुल्क विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकार की संरचना, उद्देश्य एवं कार्य प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही नशा मुक्ति अभियान के तहत बच्चों को नशे से दूर रहने की सलाह दी गई तथा नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर “जिंदगी को हां कहें और नशे को ना कहें” का नारा देकर बच्चों को सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बाल विवाह, बाल श्रम एवं बाल तस्करी जैसे गंभीर सामाजिक कुरीतियों पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। बच्चियों को गुड टच–बैड टच की जानकारी देते हुए सुरक्षा के उपाय बताए गए तथा सहायता हेतु उपलब्ध टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी गई। बच्चों को नालसा टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे विधिक सहायता प्राप्त कर सकें।
इस विधिक जागरूकता शिविर में पंचायत एवं प्रखंड स्तर के अधिकार मित्रों की उपस्थिति रही। अधिकार मित्र श्वेता राजशेखर रवानी ने शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को कानून के प्रति जागरूक कर उन्हें सुरक्षित, सशक्त एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा














