जुस्को लैंड डिपार्टमेंट पर आरोप: 300 रुपए प्रतिमाह नहीं देने पर गरीब की लॉन्ड्री तोड़वाने का मामला
जमशेदपुर। गणिनाथ के समीप चल रही एक गरीब की लॉन्ड्री को जुस्को लैंड डिपार्टमेंट के अधिकारी द्वारा तोड़वाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अधिकारी ने ₹300 प्रतिमाह नहीं देने पर यह कार्रवाई करवाई।
बजरंग सेवा संस्थान के जिला अध्यक्ष धर्मवीर कुशवाहा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गणिनाथ सेवा संस्थान के सामने टाटा स्टील की खाली जमीन पर संजय रजक नामक व्यक्ति अपनी आजीविका चला रहे थे। संजय रजक हार्ट के मरीज हैं और उनकी तीन बेटियां हैं। उनकी रोज़ी-रोटी का एकमात्र साधन यही लॉन्ड्री थी।

धर्मवीर कुशवाहा ने आरोप लगाया कि –
- लैंड डिपार्टमेंट के अधिकारी ने निजी स्वार्थवश गुंडों के माध्यम से लॉन्ड्री को बार-बार तोड़ा।
- एग्रिको के ख़ावगली इलाके में प्रत्येक ठेला चालक से ₹300 प्रतिमाह वसूला जाता है।
- संजय रजक को जातिसूचक गालियाँ दी गईं और जबरन हटाने की कोशिश की गई।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि टाटा स्टील उस खाली जमीन को बाउंड्री कर सुरक्षित नहीं करता है तो संजय रजक का दुकान वहीं पर चलता रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो संजय रजक लैंड डिपार्टमेंट के अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई (केस दर्ज) करेंगे।
इस प्रकरण ने स्थानीय स्तर पर आक्रोश पैदा कर दिया है और गरीब की आजीविका से जुड़े इस विवाद ने प्रशासन की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।











