चाईबासा/पश्चिमी सिंहभूम (जय कुमार): नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चाईबासा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धेश्वर मंदिर के पास स्थित एक जनरल स्टोर में छापेमारी कर पुलिस ने 161 पुड़िया अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है।
छापेमारी के दौरान दुकान संचालिका संगीता तिवारी (उम्र लगभग 50 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, संगीता तिवारी पहले भी ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में संलिप्त रही है और इसी मामले में जेल जा चुकी है।
गिरफ्तार अभियुक्त, पति—दिवंगत चंद्रशेखर तिवारी, निवासी बड़ा नीमडीह, के खिलाफ सदर थाना कांड संख्या 82/2021, दिनांक 4 अगस्त 2021 के आधार पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/22 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस द्वारा तैयार जप्ती सूची में कुल 161 पुड़िया ब्राउन शुगर दर्ज है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी मौजूद है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। संगीता तिवारी की गिरफ्तारी को नशे के नेटवर्क पर एक बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।









