चाईबासा (जय कुमार): बढ़ती ठंड ने आम जीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। सुबह और शाम को ठंड बढ़ रही है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। सुबह से ही कोहरा छाया हुआ है और तापमान में काफी गिरावट आई है। तेज गति से चल रही ठंडी हवा से ठिठुरन बढ़ रही है और शाम होते-होते ठिठुरन बढ़ने लगी है।
शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने जनहित में जिला उपायुक्त चंदन कुमार से सभी प्रखंडों और कस्बों के विभिन्न चौराहों पर अलाव जलाने और रात्रि गश्त कर बेसहारा लोगों को कंबल बांटने की मांग की। त्रिशानु राय ने उपायुक्त से मांग की कि ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों और कस्बों में अलाव और कंबल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधितों को जरूरी निर्देश दिए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को कुछ राहत मिल सके।














