जमशेदपुर। मुरली शिक्षण संस्थान, जमशेदपुर में आज वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के अध्यक्ष श्री पी.के. मुरली, मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षाविद् डॉ. रामस्वरूप यादव, प्रभारी प्राचार्य डॉ. नूतन रानी, डॉ. अपूर्व विक्रम, तथा विशिष्ट अतिथियों में मैरी एन, अनिल कुमार मौर्य, हेमंत पाठक और रीना कुमारी द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई।
मुरली संस्थान की शिक्षायात्रा और लक्ष्य
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री पी.के. मुरली ने संस्थान की प्रगति यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि—
“हमने मुरली पब्लिक स्कूल से शुरुआत की और अब पारा मेडिकल कॉलेज तथा मुरली इंटर कॉलेज तक का सफर तय कर चुके हैं। हमारा मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक शिक्षा पहुँचाना है।”
उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा न्यूनतम शुल्क में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर एक शिक्षित समाज का निर्माण कर सकें।

उन्होंने आगे कहा कि सावित्रीबाई फुले की प्रेरणा से तथा झारखंड सरकार की ई-कल्याण छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं से अब कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि वाले छात्र भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
“आने वाला समय डिजिटल शिक्षा का है। इसके लिए हमें आज से ही बच्चों को तकनीकी रूप से शिक्षित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे।” — श्री मुरली
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बाँधा समां
दीप प्रज्वलन के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रंखला ने सभी का मन मोह लिया।
- छात्राओं ने दुर्गा स्तुति प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
- कक्षा 4 और 5 के विद्यार्थियों ने ‘कचरा वाला आया’ गीत पर नृत्य कर स्वच्छता का संदेश दिया।
- वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों ने ‘जन्म-जन्म’ गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी।
- कला वर्ग के छात्रों ने ‘साड़ी-साड़ी’ गीत पर झूमते हुए नृत्य कर चार चाँद लगा दिए।
- विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों ने ‘राधा कैसे जले’ गीत पर शास्त्रीय छवि प्रस्तुत की।
- मेडिकल विभाग की प्रियंका एवं उनकी टीम ने उत्साहपूर्ण समूह नृत्य कर सभी को तालियाँ बजाने पर मजबूर कर दिया।
- कला वर्ग की छात्राओं ने ‘चूड़ी पायल’ गीत पर धमाकेदार प्रस्तुति दी।
- वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों ने ‘लुंगी डांस’ गीत पर नृत्य कर पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
- वरिष्ठ छात्रों ने रीमिक्स गीतों पर ऊर्जावान प्रस्तुति दी।

पुरस्कार वितरण और सम्मान
इस मौके पर मुख्य अतिथि डॉ. रामस्वरूप यादव का शाल- मोमेंटो देकर अभिनंदन किया गया।
समाजसेवी श्री मच्छेन्द्र, श्री सुभाष, एवं श्री बी.एस. राणा ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने विचार रखे।
सीतगोड़ा थाना प्रभारी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि —
“छात्र-छात्राओं को नशे और अराजकता से दूर रहना चाहिए तथा अपने लक्ष्य की प्राप्ति में पूरा ध्यान लगाना चाहिए।”
समापन व धन्यवाद
कार्यक्रम का समापन सुश्री सुशीला कुमारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। समारोह में शिक्षकों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वीडियो देखें :
📍 रिपोर्ट: द न्यूज़ फ्रेम, जमशेदपुर













