सरायकेला (जय कुमार) 14 दिसंबर 2025: सरायकेला-खरसावाँ पुलिस ने अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में आदित्यपुर थाना क्षेत्र में चलाए गए सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान में दो शातिर मोटरसाइकिल चोरों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रवि महतो उर्फ पतली (19 वर्ष) और सुरज सोय उर्फ डाकु (23 वर्ष) के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कई अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें छुपाकर रखने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने सुरज सोय के घर से दो मोटरसाइकिलें और रवि महतो के सालडीह बस्ती स्थित घर से एक मोटरसाइकिल बरामद की। इसके अलावा, इनके एक अन्य साथी के घर से भी एक और चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की गई। कुल चार मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं, जिनमें हीरो होंडा और स्प्लेंडर प्लस मॉडल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सुरज सोय का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ आदित्यपुर, ईचागढ़, आर.आई.टी. और कदमा थाना क्षेत्रों में पहले भी चोरी और संपत्ति संबंधी कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिकी और अन्य पुलिस जवानों की सक्रिय भागीदारी रही।














