- जमशेदपुर में जल्द होगा राज्यस्तरीय एथलेटिक्स व पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन
जमशेदपुर। साक्ची स्थित सबल सेंटर में पैरालिम्पिक कमिटी ऑफ झारखंड की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड पैरालिम्पिक कमिटी के कार्यकारिणी सदस्य अजित कुमार ने की। इस बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिला की नई पैरालिम्पिक कमिटी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जनवरी के अंतिम सप्ताह अथवा फरवरी के प्रथम सप्ताह में राज्यस्तरीय एथलेटिक्स एवं पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन जमशेदपुर में किया जाएगा। यह आयोजन झारखंड में दिव्यांग खिलाड़ियों के विकास और प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
नवगठित जिला कमिटी के पदाधिकारी घोषित
बैठक के दौरान नई कमिटी में पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और पैरा खेलों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई।
पूर्वी सिंहभूम जिला पैरालिम्पिक कमिटी – पदाधिकारी सूची
- प्रधान संरक्षक: अवतार सिंह, मुख्तार आलम खान
- अध्यक्ष: श्रीमती पूर्वी घोष
- उपाध्यक्ष: पी. बाबूराव, धीरज शर्मा, दीपक श्रीवास्तव
- सचिव: अजय महंती
- कोषाध्यक्ष: राजकुमार सिंह
- संयुक्त सचिव: टेनिक महतो
- सहायक सचिव: नरेश कुमार
- सदस्य: पुष्पलता कुमारी, गीता सिंह, डॉ. निवेदिता पानिगृही, पॉल इब्राहिम, डब्लू. रहमान, प्रणव नाहा, एम. अरशद
- कार्यकारिणी सदस्य: पी.सी. स्वामी, शिवा राजू, संतोष कुमार सिंह, नितिन कुमार, अनीता त्रिलोचन सागर, दिलदार सिंह
- प्रेस सलाहकार/प्रवक्ता: मुख्तार आलम खान
अतिथियों के अभिनंदन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत-अभिनंदन के साथ हुई। बैठक में झारखंड पैरालिम्पिक कमिटी के कार्यकारिणी सदस्य अजित कुमार ने संगठन के उद्देश्य और जिला स्तर पर मजबूत ढांचा तैयार करने की जरूरत पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन झारखंड पैरालिम्पिक कमिटी के कार्यकारिणी सदस्य श्याम कुमार शर्मा ने किया। वहीं धन्यवाद ज्ञापन नवगठित कमिटी के सचिव जगन्नाथ बेहरा ने दिया।
कुमार गौरव ने पर्यवेक्षक बन निभाई भूमिका, सदस्यों को दिलाई शपथ
इस अवसर पर पैरालिम्पिक कमिटी ऑफ झारखंड के सचिव कुमार गौरव ने चुनाव पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई। उन्होंने नवगठित जिला कमिटी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को शपथ ग्रहण कराया तथा राज्य कमिटी की ओर से शुभकामनाएं दीं।
कुमार गौरव ने आगामी राज्यस्तरीय एथलेटिक्स एवं पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता को लेकर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने सभी सदस्यों को दिव्यांग खेलों की महत्ता, संगठनात्मक जिम्मेदारियों तथा खिलाड़ियों के विकास की दिशा में ठोस कदम उठाने पर जोर दिया।
समाजसेवी व खेलप्रेमियों की रही बड़ी मौजूदगी
बैठक के दौरान बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, समाजसेवी, तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ी मौजूद रहे। माहौल बेहद सकारात्मक और उत्साहपूर्ण रहा। पूर्वी सिंहभूम जिला पैरालिम्पिक कमिटी का गठन जिले में पैरा खिलाड़ियों के विकास और अवसर बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। आगामी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन से जमशेदपुर को पैरा खेलों के केंद्र के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।










