जमशेदपुर:गौरी शंकर रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में सिख धर्म के महान योद्धा एवं शहीद बाबा दीप सिंह जी का जन्मदिवस पूरे श्रद्धा, भक्ति और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से भव्य धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान ज्ञानी गुरदीप सिंह निक्कू कीर्तनी जत्था द्वारा शब्द-कीर्तन प्रस्तुत किया गया। कीर्तन से गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया और संगत गुरु वाणी में लीन नजर आई।
सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह को पुनः चुने जाने पर किया गया सम्मानित
इस अवसर को और भी विशेष बनाते हुए, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) के वर्तमान प्रधान सरदार भगवान सिंह को आगामी तीन वर्षों के लिए पुनः प्रधान चुने जाने पर सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष चंचल सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, गुरचरण सिंह बिल्ला, सलाहकार सुरेंद्र सिंह शिंदे, पतवंत सिंह तथा सिख चैनल के संपादक गुरदीप सिंह सलूजा को भी सम्मानित किया गया।
बाबा दीप सिंह जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान भगवान सिंह एवं चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने बाबा दीप सिंह जी के शौर्य, त्याग और गुरु के प्रति अडिग आस्था पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा दीप सिंह जी का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, बलिदान और धर्मनिष्ठा की प्रेरणा है।
गुरुद्वारा कमेटी की भूमिका की सराहना
गौरी शंकर रोड गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सरदार सुरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों एवं संगत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना मजबूत होती है।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में अमरजीत सिंह गांधी, सरबजीत सिंह बाउ, हरजीत सिंह लाडी, परमजीत सिंह पम्मा, हरमीत सिंह, हरदीप सिंह चनिया, गुरजिंदर सिंह पिंटू, कुलवंत सिंह, जितेंद्र सिंह शालू, रविंद्र सिंह, परमजीत सिंह लकी, रसपाल सिंह, मनदीप सिंह,
स्त्री सत्संग सभा की प्रधान इंद्रजीत कौर, रज्जी कौर, सतवंत कौर,तथा नौजवान सभा के प्रधान जुगनू सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन अरदास एवं गुरु के लंगर के साथ शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।











