चक्रधरपुर (जय कुमार) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर शहर में बीती रात आगजनी की एक घटना में लगभग दो लाख रुपये का पुआल जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार चक्रधरपुर शहर के कुदलीबाड़ी निवासी गिरिजा यादव और विजय यादव ने अपने पशुओं को खिलाने के लिए पुआल का स्टॉक कर रखा था। बीती रात करीब 1 बजे अचानक पुआल के ढेर में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और पूरा पुआल जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुआल के ढेर में आग लगा दी, जिसके कारण यह घटना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग काफी तेज थी, जिसके कारण उसे बुझाने में करीब दो घंटे का समय लग गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियों को दो टैंकर पानी का इस्तेमाल करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लगभग दो लाख रुपये से अधिक का पुआल जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
आग बुझने के बाद आज सुबह जेसीबी मशीन की मदद से जले हुए पुआल को हटाया गया ताकि आसपास के इलाके में दोबारा आग फैलने का खतरा न रहे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के तुरंत बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी से फोन के माध्यम से संपर्क कर जेसीबी मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई थी, लेकिन देर रात किसी भी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया। लोगों का कहना है कि अगर समय पर जेसीबी मशीन उपलब्ध हो जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। समय पर प्रशासनिक मदद नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी भी देखी गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है








