बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग गैंगरेप पीड़िता न्याय की मांग को लेकर सीधे पुलिस के उच्च अधिकारी के सामने पहुंच गई। पीड़िता ने पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर डीआईजी की गाड़ी के सामने गिरकर आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया।
डीआईजी की कार के आगे गिरी पीड़िता
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब डीआईजी कलानिधि नैथानी खुर्जा थाने का निरीक्षण कर बाहर निकल रहे थे। उसी दौरान पीड़िता अचानक वहां पहुंची और कई पुलिसकर्मियों को धक्का देते हुए डीआईजी की गाड़ी के सामने जाकर गिर पड़ी।पीड़िता ने रोते हुए कहा कि साहब, जिन लोगों ने मेरे साथ गैंगरेप किया है, वे खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही बताया जा रहा है कि करीब 9 पुलिसकर्मियों ने पीड़िता को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह डीआईजी की गाड़ी तक पहुंच गई।
डीआईजी ने मौके पर लगाई पुलिस को फटकार
पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद डीआईजी कलानिधि नैथानी ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया।
उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए डीआईजी ने पीड़िता से लिखित शिकायत भी मांगी और आश्वासन दिया कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
लोगों का कहना है कि अगर पीड़िता को न्याय के लिए इस तरह उच्च अधिकारी के सामने जाकर गुहार लगानी पड़े, तो यह व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।
सामाजिक और प्रशासनिक संदेश
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि महिला सुरक्षा और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस तंत्र कितना संवेदनशील है हालांकि डीआईजी के तत्काल हस्तक्षेप के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी और पीड़िता को न्याय मिलेगा।








