देहरादून/जमशेदपुर | उत्तराखंड की राजधानी Dehradun में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब Jamshedpur के रहने वाले विक्रम शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात शहर के व्यस्त इलाके में स्थित सिल्वर सिटी मॉल में हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने बेहद नजदीक से फायरिंग कर वारदात को अंजाम दिया।

जिम से लौटते वक्त घात लगाकर हमला
पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 10 बजे की है। विक्रम शर्मा मॉल में स्थित जिम से निकलकर नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान सीढ़ियों के पास पहले से घात लगाए बैठे दो हमलावर पैदल पहुंचे और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीन गोलियां लगने से विक्रम शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मौके पर पहुंची STF और फॉरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसटीएफ मौके पर पहुंची। मॉल को आंशिक रूप से सील कर दिया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। देहरादून के एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या सुनियोजित प्रतीत होती है। हमलावरों ने बेहद करीब से गोली चलाई, जिससे बचाव का कोई अवसर नहीं मिला।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस मॉल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हमलावरों की पहचान और उनकी भागने की दिशा को लेकर जांच तेज कर दी गई है। अलग-अलग टीमों को छापेमारी के लिए रवाना किया गया है।
आपराधिक कनेक्शन की भी जांच
बताया जा रहा है कि विक्रम शर्मा मूल रूप से जमशेदपुर का रहने वाला था और प्रॉपर्टी डीलिंग व स्टोन क्रशर व्यवसाय से जुड़ा हुआ था। सूत्रों के अनुसार उसका नाम दुमका जेल में बंद माफिया डॉन अखिलेश सिंह से भी जोड़ा जाता रहा है और उसे कभी उसका करीबी माना जाता था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी एंगल से जांच जारी है।
दहशत में लोग, कानून-व्यवस्था पर सवाल
दिनदहाड़े मॉल जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस हत्या से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बीते 15 दिनों में देहरादून में यह पांचवीं हत्या की घटना है, जिससे शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या व्यवसायिक विवाद की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का दावा किया गया है, वहीं एसटीएफ पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
देहरादून जैसे शांत माने जाने वाले शहर में दिनदहाड़े हुई यह हत्या न सिर्फ कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि संगठित अपराध की ओर भी इशारा कर रही है। अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।












