जमशेदपुर: मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में महापौर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि मानगो को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है और हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए ठोस योजना बनाई जाएगी।
प्रचार अभियान के दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी उनके समर्थन में मैदान में उतरे। उन्होंने विभिन्न वार्डों में रोड शो और जनसंपर्क कर मतदाताओं से कारपेट छाप पर वोट देने की अपील की। बन्ना गुप्ता ने कहा कि मानगो के समग्र विकास, सड़क, नाली, जलापूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सक्षम नेतृत्व की जरूरत है, जिसे सुधा गुप्ता पूरा करेंगी।
जनसंपर्क के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिनका समाधान करने का आश्वासन प्रत्याशी ने दिया। चुनावी माहौल के बीच मानगो क्षेत्र में प्रचार अभियान लगातार तेज होता जा रहा है।











