जमशेदपुर: मानगो नगर निगम क्षेत्र में होने वाले आगामी चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में सामान्य प्रेक्षक श्री जितेन्द्र कुमार देव ने वार्ड संख्या 11 से 15 तक स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आदिवासी बालिका मध्य विद्यालय, गांधी दयाल हाई स्कूल, शारदा पब्लिक स्कूल, एम.एस. कम्युनिटी हॉल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सहित अन्य निर्धारित मतदान स्थलों का दौरा किया। प्रेक्षक ने मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैम्प और सुरक्षा संबंधी इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित वार्ड की आरओ श्रीमती बबली कुमारी, ईआरओ तथा अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।










