Mumbai : मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर एक गंभीर विमानन घटना टल गई, जब एयर इंडिया और इंडिगो के दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई, लेकिन सुरक्षा मानकों के तहत दोनों विमानों को तुरंत ग्राउंड कर दिया गया है।
घटना उस समय हुई जब मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 उड़ान से पहले पुशबैक की स्थिति में थी। उसी दौरान हैदराबाद से आई इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 लैंडिंग के बाद टैक्सीवे से पार्किंग-वे की ओर बढ़ रही थी। एयरपोर्ट ग्राउंड मूवमेंट के दौरान दोनों विमानों के दाहिने विंगटिप (Right Wingtips) एक-दूसरे से रगड़ खा गए। टक्कर हल्की थी, लेकिन केबिन में झटका महसूस होते ही यात्रियों में कुछ पल के लिए घबराहट फैल गई।

एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और ग्राउंड स्टाफ ने तुरंत स्थिति संभाली। दोनों विमानों को रोककर सुरक्षा जांच की गई और यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइंस ने वैकल्पिक विमानों से यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था शुरू कर दी है।
घटना के बाद दोनों विमानों के पंखों को क्षति की पुष्टि हुई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को सूचित कर दिया गया है और तकनीकी जांच शुरू हो चुकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों विमान Airbus A320 मॉडल के हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि एयर इंडिया का विमान टैक्सीवे C1 से M4 की ओर बढ़ रहा था, जबकि इंडिगो का विमान टैक्सीवे B1 जॉइन कर रहा था—इसी दौरान विंगटिप संपर्क हुआ। दोनों विमानों को जांच और मरम्मत के लिए बे (Bay) में भेजा गया है।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि टैक्सीवे पर इंतजार के दौरान उनके विमान का विंगटिप क्षतिग्रस्त हुआ, जिसके बाद एहतियातन विमान को सेवा से हटाकर तकनीकी निरीक्षण शुरू किया गया है। इंडिगो ने भी पुष्टि की कि लैंडिंग के बाद ग्राउंड मूवमेंट के दौरान यह संपर्क हुआ और स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार अधिकारियों को सूचना दी गई है।
डीजीसीए अब यह जांच कर रहा है कि ग्राउंड क्लीयरेंस या कोऑर्डिनेशन में चूक कहां हुई। विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, टैक्सीवे ऑपरेशंस में मिलीमीटर स्तर की दूरी भी महत्वपूर्ण होती है, इसलिए इस तरह की घटनाओं की विस्तृत जांच की जाती है ताकि भविष्य में जोखिम कम किया जा सके।
फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं, और दोनों एयरलाइंस ने यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।












