जमशेदपुर:आज राहरगोड़ा, जमशेदपुर निवासी सूबेदार प्रणय कुमार शर्मा का अंतिम संस्कार भुइंयाडीह बर्निंग घाट पर पूरे सैनिक सम्मान के साथ संपन्न हुआ। उनके पार्थिव शरीर को निवास स्थान से पुलिस की पीसीआर वैन के नेतृत्व में सेना की गाड़ी में ले जाया गया और परिवार, समाज और पूर्व सैनिकों की मौजूदगी में घाट पर अंतिम विदाई दी गई।
सेना ने गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उन्हें सम्मानित किया। आर्मी यूनिट एवं स्टेशन हेडक्वार्टर के प्रतिनिधि लेफ्टिनेंट यू. केशव और लेफ्टिनेंट हर्ष वर्धन ने रीथ चढ़ाकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया का संचालन किया। पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य सुशील कुमार सिंह, प्रमोद कुमार दास, रमेश शर्मा, प्रमोद कुमार, हंसराज सिंह, अजय कुमार, राजीव कुमार, ओम प्रकाश, अनिल सिन्हा और गौतम लाल ने भी अपने साथी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस भावपूर्ण अवसर पर सूबेदार प्रणय की ग्यारह साल की बेटी प्राची ने मुखाग्नि देकर अपने पिता को अंतिम विदाई दी। प्रणय कुमार शर्मा का आज के दिन ही सेना से सेवानिवृत्ति होने वाली थी, लेकिन रुड़की सेंटर में उनका आकस्मिक निधन हो गया।
जमशेदपुर के नागरिकों और सैकड़ों देशभक्तों ने पूरे रास्ते “भारत माता की जय”, “भारतीय सेना जिंदाबाद”, “सूबेदार प्रणय कुमार शर्मा अमर रहें” जैसे नारों के साथ अपने वीर सैनिक को श्रद्धांजलि दी।
इस प्रकार सूबेदार प्रणय कुमार शर्मा को उनके परिवार, सेना और समाज ने सर्वोच्च सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी, जो उनके समर्पण और देशभक्ति की अनमोल विरासत को उजागर करती है












