चाईबासा ( जय कुमार ) अभिनव सिंह एवं आशुतोष कुमार यादव की शानदार शतकीय पारी की बदौलत सिंहभूम फाईटर्स ने सिंहभूम चैलेंजर्स को एकतरफा मुकाबले में 156 रनों से पराजित कर चैंपियन होने का गौरव प्राप्त किया। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर आज खेले गए फाईनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंहभूम फाईटर्स की टीम ने निर्धारित पैंतीस ओवर में आठ विकेट खोकर 315 रनों का स्कोर खड़ा किया।
पारी की शुरुआत करने आए आशुतोष कुमार यादव ने तेरह चौके एवं दो छक्के की मदद से 100 रनों की पारी खेली। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अभिनव सिंह ने सोलह चौके एवं छः छक्के की सहायता से 127 रन बनाए। बाद के क्रम में कप्तान जिशान अहमद ने 26 तथा चंदन प्रसाद ने 23 रनों का योगदान दिया। सिंहभूम चैलेंजर्स की ओर से चिन्मय राय ने 41 रन देकर दो, ओम महतो ने 44 रन देकर दो तथा त्रिनाथ प्रधान ने 49 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंहभूम चैलेंजर्स की टीम 24.1 ओवर में 159 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस टीम की ओर से एकमात्र सफल बल्लेबाज कप्तान चिन्मय राय रहा जिसने नौ चौके एवं एक छक्का की मदद से 73 रन बनाए। अभिनव महापात्र ने 23 तथा तथा त्रिनाथ प्रधान ने 12 रनों का योगदान दिया। सिंहभूम ब्लास्टर्स की ओर से सबसे अच्छी गेंदबाजी आशुतोष यादव ने की जिसने 28 रन देकर पाँच खिलाड़ियों को चलता किया।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीम को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव सौरभ तिवारी ने ट्राफी के साथ-साथ व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया। फाईनल मैच में शानदार प्रदर्शन करने के लिए सिंहभूम ब्लास्टर्स के अभिनव सिंह को मैन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज एवं मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार भी अभिनव सिंह को ही प्रदान किया गया जबकि सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का पुरस्कार त्रिनाथ प्रधान ने हासिल किया।
इससे पूर्व पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ ने सौरभ तिवारी को झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ का सचिव बनने पर सम्मानित किया। उन्हें जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा एवं अन्य पदाधिकारियों ने शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया। महासचिव असीम कुमार सिंह ने उनके सम्मान में मानपत्र पढ़कर सुनाया जिसे बाद में उन्हें उपहार स्वरूप भेंट कर दिया गया।













