- छऊ नृत्य व सिख रेजिमेंट बैंड बना आकर्षण का केंद्र
गिरिडीह | बिरनी प्रखण्ड अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय पलौंजिया स्टेडियम में रविवार को सांसद खेल महोत्सव के समापन सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्य समिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा ने किया। समारोह में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कोडरमा सांसद सह केंद्रीय बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
अतिथियों के आगमन पर सिख रेजिमेंट के बैंड द्वारा भव्य स्वागत किया गया। शॉल, मोमेंटो और बुके भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, स्वागत गीत एवं सामूहिक राष्ट्रीय गीत के साथ हुई। इम्पीरियल पब्लिक स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत को दर्शकों ने सराहा।
समारोह के दौरान छऊ नृत्य, सिख रेजिमेंट का प्रदर्शन, योगा एवं झारखंडी लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का माध्यम: बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल एवं सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों और युवाओं को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “फिट युवा – सक्षम और आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प तभी साकार होगा, जब युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होंगे। खेल न केवल अनुशासन सिखाता है, बल्कि नशे जैसी बुराइयों से भी दूर रखता है।
मोदी की परिकल्पना का परिणाम है सांसद खेल महोत्सव
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की परिकल्पना से देशभर के लगभग 300 सांसदों द्वारा सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इससे कलाकारों, खिलाड़ियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने युवाओं से मोबाइल और नशे से दूरी बनाकर खेल मैदानों से जुड़ने की अपील की।

8600 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा: अन्नपूर्णा देवी
कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव प्रधानमंत्री की दूरगामी सोच का परिणाम है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण स्तर की प्रतिभाओं को पहचान और मंच देना है। उन्होंने बताया कि कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से 8600 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया और 13 खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने युवाओं से खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान के तहत आगे बढ़कर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी बताया कि सांसद खेल महोत्सव का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर प्रारंभ होकर अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर समापन किया जाता है, हालांकि इस बार अन्य कार्यक्रमों के कारण समापन में विलंब हुआ।
प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
समारोह में खिलाड़ियों को पुरस्कार और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही नए मंडल अध्यक्षों एवं ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भाग लेने वाले सदस्यों को भी शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी भी सराहनीय रही।
कार्यक्रम में पांच प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। प्रतिभागी सिद्धि गुप्ता ने कहा कि हार में विनम्रता और जीत में धैर्य ही खेल की सच्ची सीख है।
समारोह का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, बरही विधायक मनोज यादव, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास, पूर्व आईजी लक्ष्मण सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वीडियो देखें
जिला संवाददाता – संतोष कुमार तरवे













