- सरिया को जिला बनाने की मांग पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना
सरिया/गिरिडीह। सरिया को जिला का दर्जा देने की लंबे समय से चल रही मांग को लेकर आज गुरुवार को सरिया अनुमंडल परिसर में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना आयोजित किया गया। इस धरना का नेतृत्व झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता त्रिभुवन मंडल ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
धरना स्थल पर मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों से बात करते हुए त्रिभुवन मंडल ने कहा कि सरिया अनुमंडल पिछले लगभग दस वर्षों से जिला घोषित किए जाने की पूरी पात्रता रखता है, लेकिन इसके बावजूद सरकार द्वारा इस मांग की अनदेखी किया जाना न्यायसंगत नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरिया की भौगोलिक स्थिति, आबादी, प्रशासनिक जरूरत और संसाधनों की उपलब्धता इसे जिला बनाने के लिए पर्याप्त है, फिर भी सरकार द्वारा इस मांग को लगातार टालना स्थानीय जनता के साथ अन्याय है।
त्रिभुवन मंडल ने रेलवे के RMS को हटाए जाने पर भी गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसे एक साजिश के तहत सरिया से हटाया गया, जो सरिया के विकास और सुविधाओं के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरिया को जिला घोषित नहीं किया जाएगा, तब तक इस तरह का शांतिपूर्ण जन आंदोलन जारी रहेगा। मंडल ने कहा कि जनता की आकांक्षाओं और क्षेत्रीय विकास के मद्देनज़र सरिया को जिला बनाना समय की आवश्यकता है।














