जमशेदपुर। गंगा हॉस्पिटल मानगो, डिमना रोड नंबर-4 स्थित गंगा मेमोरियल अस्पताल के संचालक और विख्यात समाजसेवी चिकित्सक डॉ. नागेंद्र सिंह का आज भुइयांडीह स्थित पार्वती बर्निंग घाट में अंतिम संस्कार किया गया। दोपहर 12:30 बजे संपन्न हुए अंतिम संस्कार में उनके पुत्र अभिषेक सिंह ने मुखाग्नि दी। इस दौरान गंगा मेमोरियल अस्पताल के सभी कर्मचारी, सहयोगी चिकित्सक, परिजन समेत शहर के कई गणमान्य लोग और सामाजिक कार्यकर्ता भावुक माहौल में मौजूद रहे।
आज रात्रि 12:30 बजे उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से उनके आवास विजय ग्रीन अर्थ पहुंचा, जिसके बाद सुबह से ही शहर के प्रबुद्ध जन, परिजन, अस्पताल स्टाफ और उनके प्रियजन अंतिम दर्शन करने पहुंचने लगे। उपस्थित सभी लोगों ने उनके योगदान और व्यक्तित्व को याद कर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
उल्लेखनीय है कि डॉ. नागेंद्र सिंह का सोमवार, 25 नवंबर की रात निधन हो गया था। देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच अचानक सांस लेने में परेशानी होने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। इलाज के दौरान हालत गंभीर होने के कुछ देर बाद ही उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया जाता है कि वे चार दिन पहले दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाजरत थे।
चिकित्सा जगत के वरिष्ठ चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने डॉ. सिंह के निधन को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की अपूर्णीय क्षति बताते हुए गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने न केवल एक चिकित्सक के रूप में बल्कि समाजसेवा के रूप में भी उल्लेखनीय भूमिका निभाई थी। गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए डॉ. सिंह हमेशा आगे रहते थे और चिकित्सा सेवा को मानव सेवा मानते थे।
डॉ. नागेंद्र सिंह की निस्वार्थ सेवा, सरल स्वभाव और समाज के उत्थान के प्रति समर्पण को लोग सदैव याद रखेंगे। अंतिम संस्कार के दौरान पूरे शहर में शोक और भावुकता की लहर देखी गई।
— दिवंगत आत्मा की शांति के लिए शहरवासी और चिकित्सा समुदाय ने प्रार्थना की है।
गंगा मेमोरियल अस्पताल के संचालक, डॉ. नागेंद्र सिंह नहीं रहे, डेढ़ लाख ऑपरेशन कर बनाया था रिकॉर्ड








