जमशेदपुर । पूर्वी सिंहभूम जिले में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम के पहले चरण के तहत 21 से 28 नवम्बर तक ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को समाहरणालय परिसर से 10 जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन पूरे जिले में घूमकर आम नागरिकों को झारखण्ड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011 के बारे में जानकारी देंगे।
लोगों को समयबद्ध सेवा मिलेगी: उपायुक्त
उपायुक्त ने कहा कि इस वर्ष कार्यक्रम का थीम “झारखण्ड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011” रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत स्तरीय शिविरों के माध्यम से राज्य सरकार का उद्देश्य है कि इस अधिनियम के तहत आने वाली सभी चिन्हित सेवाओं से संबंधित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि—
- शिविरों में आने वाले आवेदनों का समय पर निपटारा करें
- प्रत्येक पात्र नागरिक को उसकी निर्धारित सेवा का लाभ मिले
- नागरिकों को सेवाओं की समय-सीमा और शिकायत निवारण प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाए
उन्होंने कहा,
“सेवा का अधिकार सप्ताह का मुख्य उद्देश्य है—हर नागरिक को उसके अधिकारों और सरकारी सेवाओं का लाभ बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराना।”

इन प्रमुख सेवाओं को दी जाएगी प्राथमिकता
कार्यक्रम के दौरान निम्नलिखित सेवाओं को विशेष प्राथमिकता के साथ स्वीकार और निष्पादित किया जाएगा—
- जाति प्रमाण पत्र
- स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र
- आय प्रमाण पत्र
- जन्म प्रमाण पत्र
- मृत्यु प्रमाण पत्र
- नया राशन कार्ड
- दाखिल–खारिज संबंधित मामले
- भूमि की मापी (Measurement)
- भूमि धारण प्रमाण पत्र
उपायुक्त की अपील
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने निकटवर्ती पंचायत शिविरों में अवश्य पहुँचें और राज्य सरकार द्वारा संचालित इन सेवाओं का समयबद्ध लाभ प्राप्त करें।















