जमशेदपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर में पिछले 54 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत इस वर्ष भी श्री श्री काली पूजा समिति द्वारा भव्य काली पूजा का आयोजन बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। यह पूजा अपने आप में विशेष महत्व रखती है क्योंकि यह देश के अग्रणी संस्थान एनआईटी जमशेदपुर के कैंपस में आयोजित होती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7 बजे माननीय निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार के करकमलों द्वारा हुआ। पूजा का समापन मध्यरात्रि 12 बजे संपन्न हुआ, जिसके उपरांत रात्रि 3 बजे तक हजारों श्रद्धालुओं के बीच भोग वितरण किया गया।

इस अवसर पर निदेशक महोदय के साथ उनकी धर्मपत्नी इंद्राणी सूत्रधार, उपनिदेशक प्रो. राम विनय शर्मा, कुलसचिव प्रो. सरोज सारंगी, पूजा समिति के संरक्षक प्रो. शैलेन्द्र कुमार, अध्यक्ष डॉ. अमित प्रकाश, उपाध्यक्ष डॉ. जयेंद्र कुमार, और कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार उपस्थित रहे।
माँ काली की इस भव्य पूजा के सफल आयोजन के पीछे माँ के अनन्य भक्त प्रशांत मल का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। वे प्रत्येक दिन तथा प्रत्येक अमावस्या को इसी स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। उनके समर्पण के बिना इस आयोजन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
इस अवसर पर निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने माँ काली से संस्थान की गरिमा बनाए रखने एवं निरंतर प्रगति की कामना की। पूजा स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा और पारंपरिक अलंकरण से सुसज्जित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, छात्र एवं उनके परिजन सम्मिलित हुए और माँ काली से सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।













