जमशेदपुर/सोनारी, 20 अक्टूबर 2025। कार्तिक अमावस्या के पावन अवसर पर जहाँ एक ओर देशभर में दीपावली का उल्लास छाया रहा, वहीं दूसरी ओर आदर्श नगर 7th फेस साउथ, सोनारी में श्री श्री माँ काली पूजा का भव्य आयोजन किया गया। माँ काली, जो शक्ति और शौर्य की प्रतीक मानी जाती हैं, की पूजा-अर्चना अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव से संपन्न हुई।
सनातन परंपरा के अनुसार, इसी दिन माता लक्ष्मी के समुद्र मंथन से प्रकट होने और भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की ऐतिहासिक घटनाओं का स्मरण करते हुए भक्तों ने दीप जलाकर अंधकार पर प्रकाश की विजय का संदेश दिया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और उत्सवी माहौल बना रहा।

- आदर्श नगर 7th फेस साउथ में भव्य श्री श्री माँ काली पूजा का आयोजन, दीपों और श्रद्धा से गूंजा वातावरण
इस वर्ष भी हर बार की तरह आदर्श नगर की काली पूजा समिति द्वारा आयोजन को अत्यंत सुंदर और आकर्षक रूप दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सोनारी थाना प्रभारी श्री मधुसूदन दे को रहना था, किंतु सरकारी कारणोंवश वे उपस्थित नहीं हो सके।
पूजा का शुभारंभ सामाजिक कार्यकर्ता एवं सोनारी भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री राहुल भट्टाचार्जी, भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष श्री राजकुमार सिंह, तथा भाजपा सोनारी मंडल के नेता एवं शांति समिति सदस्य श्री भोलानाथ साहू की संयुक्त उपस्थिति में हुआ। अतिथियों का स्वागत समिति सदस्यों ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।

सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से माँ काली की विधिवत पूजा-अर्चना कर देश, समाज और मानवता के कल्याण की मंगल कामना की। इस दौरान परिसर में भक्ति गीतों की गूंज और दीपों की रौशनी से वातावरण आलोकित हो उठा।
कार्यक्रम के अंत में श्री राहुल भट्टाचार्जी ने समिति के सभी सदस्यों को माँ काली की भव्य पूजा के सफल आयोजन हेतु हृदय से धन्यवाद और आभार प्रकट किया तथा समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश देने का आह्वान किया।
“माँ काली की कृपा से सभी के जीवन में शक्ति, साहस और समृद्धि का संचार हो” – यही इस आयोजन का मूल संदेश रहा।













