जमशेदपुर क्राइम : बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 148/25, दिनांक 14.10.2025, धारा 324(5)/303(2)/351(2)/307 बी.एन.एस. के अंतर्गत दर्ज प्रकरण में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण
दिनांक 13.10.2025 को शाम लगभग 6:00 बजे, बिष्टुपुर स्थित D.C. LOUNGE सैलून में अज्ञात असामाजिक तत्व द्वारा अचानक घुसकर मारपीट एवं लोहे की रॉड से तोड़फोड़ की गई।
इस संबंध में सैलून के मालिक दिलीप कुमार द्वारा आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन में पु.उ.नि. सी.सी.आर. के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया। मानवीय सूचना, तकनीकी सहयोग एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने प्रकरण का उद्भेदन करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम: मो० मुस्ताक गद्दी
उम्र: लगभग 37 वर्ष
पिता का नाम: स्व. गुलाम मुस्तफा गद्दी
पता: मकान संख्या 100, रोड नंबर 5, रामदास भट्टा, ग्वाला बस्ती, थाना बिष्टुपुर, जिला पूर्वी सिंहभूम
घटना का कारण
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके भांजे का साकची स्थित D.C. LOUNGE के संचालक के रिश्तेदार से झगड़ा हो गया था, जिसमें उसका भांजा घायल हो गया था।
इसकी जानकारी मिलने पर आरोपी आवेश में आकर बिष्टुपुर के D.C. LOUNGE में घुसा और मारपीट व तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया।
बरामदगी
गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 3 फीट लंबी लोहे की रॉड बरामद कर विधिवत जप्त किया है।
छापामारी टीम के सदस्य
- पु.नि. (सह थाना प्रभारी) आलोक कुमार दुबे, बिष्टुपुर थाना
- स.अ.नि. गोपाल पांडेय, बिष्टुपुर थाना
- स.अ.नि. हिरु मिंज, बिष्टुपुर थाना
- साथ में बिष्टुपुर थाना सशस्त्र बल
पुलिस टीम के सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से यह मामला शीघ्र सुलझाया गया। जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी है।







