रांची। झारखंड की राजधानी रांची का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। नृत्यशाला नृत्य संस्थान की निदेशक मोनिका डे और उनकी टीम ने ओड़िशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित दो दिवसीय इंडिया इंटरनेशनल डांस फेस्टिवल में अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
अमोलिका नंदी ने दिखाया कथक का जादू
फेस्टिवल के पहले दिन मोनिका डे की प्रतिभाशाली शिष्या अमोलिका नंदी ने अंडर-20 श्रेणी में कथक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने शिव वंदना के साथ रसराज त्रिवत् पेश किया, जिसे देख दर्शक दांतों तले अंगुली दबा बैठे। उनके भाव, लय और नृत्याभिनय ने निर्णायकों सहित उपस्थित सभी लोगों की खूब सराहना बटोरी।

“राग दरबारी तराना” पर मनमोहक प्रस्तुति
इसके बाद मोनिका डे के निर्देशन में आराध्या चक्रवर्ती, आद्या अक्षिता, स्नेहल शर्मा, आलिया सिंह, आद्या विश्वकर्मा, दृष्टि सुकुल, सिद्धि झा और संभावना सिन्हा ने मिलकर राग दरबारी तराना प्रस्तुत किया। यह प्रस्तुति अपनी उच्च गति, तकनीकी दक्षता और भावनात्मक गहराई के लिए जानी जाती है। दरबारी तराना की भव्यता और कथक के शाही सौंदर्य को देखकर दर्शक प्रफुल्लित हो उठे।

वरिष्ठ समूह की “केदार तराना” प्रस्तुति ने भी बांधा समां
वरिष्ठ प्रतिभागियों — अर्नवी सूर्यवंशी, देव्यांशी सिंह, शिविका साहू, आराध्या सिन्हा, अमोलिका नंदी, ऋषिका पटेल, अनन्या साची, रितिका सिंह और सिमरन तिर्की — ने मिलकर केदार तराना की प्रस्तुति दी। यह रचना राग केदार पर आधारित थी, जो अपनी भक्ति और शांत मनोदशा के लिए प्रसिद्ध है। इस प्रस्तुति ने फेस्टिवल के दूसरे दिन को और भी यादगार बना दिया।

आख़िरी प्रस्तुति में आध्या विश्वकर्मा ने जीता सबका दिल
फेस्टिवल का समापन हुआ आध्या विश्वकर्मा की सोलो प्रस्तुति से, जिन्होंने “दरबारी तराना” को अपने अद्भुत नृत्य से जीवंत कर दिया। उनके भाव, ताल और नृत्याभिव्यक्ति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
झारखंड के लिए गौरव का क्षण
फेस्टिवल में नृत्यशाला नृत्य संस्थान की प्रतिभागिता ने झारखंड को एक बार फिर देश के सांस्कृतिक नक्शे पर चमका दिया। निदेशक मोनिका डे ने कहा कि “यह सफलता पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और नृत्य के प्रति प्रेम का परिणाम है।”
विशेष: नृत्यशाला नृत्य संस्थान वर्षों से झारखंड में शास्त्रीय नृत्य के प्रचार-प्रसार में अग्रणी रहा है और अब यह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।













