भिण्ड: भिण्ड जिले के मिहोना क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बुधवार को उरई रोड स्थित बालाजी भोजनालय (ढाबा) पर छापामार कार्रवाई के दौरान टीम ने 40 पेटी देशी मदिरा बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई कलेक्टर भिण्ड और संभागीय उड़नदस्ता ग्वालियर के उपायुक्त आबकारी संदीप शर्मा के निर्देश पर की गई। जिला आबकारी अधिकारी महेश कुमार गौर और सहायक जिला आबकारी अधिकारी के.एल. भगोरा के मार्गदर्शन में आबकारी अमले ने मुखबिर की सूचना पर यह छापा डाला।
छापेमारी के दौरान मौके से आरोपी बंटी भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) ‘क’ और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।










