- त्यौहार में खलल डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई – पुलिस
जमुआ। आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर जमुआ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक प्रदीप कुमार दास ने की। इसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी अमलजी, स.अ.नि. वेद प्रकाश पांडेय, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, बिजली, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं डीजे में ध्वनि सीमा का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस निरीक्षक प्रदीप कुमार दास ने कहा कि–
“त्यौहार में खलल डालने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोग किसी भी अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें। सभी से शांति और भाईचारे को बनाए रखने की अपील है।”
वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी अमलजी ने लोगों से कहा कि–
“पूरे क्षेत्रवासी आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाएं। किसी भी विपरीत परिस्थिति में प्रशासन से संपर्क करें।”
बैठक में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी बात रखी और प्रशासन को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि जमुआ क्षेत्र में दुर्गा पूजा पूरी शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न कराई जाएगी।

बैठक में दिगंबर प्रसाद दिवाकर, सुनील साव, चीना खान, पप्पू खान, संतोष रविदास, सच्चिदानंद सिंह, रंजीत राम, सदानंद प्रसाद राय, राजेंद्र राय, अहमद रजा नूरी, मो. निजामुद्दीन, सद्दाम अंसारी, उमेश यादव, जुल्फिकार अली, रवि भदानी, मो. आलम, लक्ष्मी नारायण सिंह, अशोक साव, लक्ष्मण महतो, अरुण कुमार गुप्ता, श्री निवास राम, झरी महतो, नवीन कुमार सिन्हा, मो. रईस कौशर समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
प्रशासन और पूजा समितियों की सक्रियता से इस बार भी जमुआ क्षेत्र में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण तरीके से मनाए जाने की उम्मीद है।








