नई दिल्ली। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत पर दिल्ली की जनता को बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक फैसला करार दिया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है कि जनता विकास और सुशासन को प्राथमिकता देती है, न कि भ्रष्टाचार और अहंकार की राजनीति को।
रघुवर दास ने कहा कि दिल्ली की देवतुल्य जनता ने झूठ, फरेब, भ्रष्टाचार, नाटक और अहंकार की राजनीति को सिरे से नकारते हुए विकास और विश्वास की राजनीति पर अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक जनादेश के माध्यम से भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में जबरदस्त जीत दर्ज की है और दिल्ली को ‘आप-दा’ मुक्त कर दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस भव्य विजय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत पार्टी के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को बधाई एवं साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है और यह दर्शाता है कि जनता विकास के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहती है।
भाजपा की इस जीत को जनता की इच्छाओं का सम्मान बताते हुए रघुवर दास ने विश्वास व्यक्त किया कि नई सरकार दिल्ली के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।