बिरनी/गिरिडीह | केंद्रीय माहुरी वैश्य नवयुवक समिति के तत्वावधान एवं मर्सी हॉस्पिटल, गिरिडीह के सहयोग से माहुरी युवा मंच भरकट्टा द्वारा रविवार को सामुदायिक भवन, तुलाडीह (भरकट्टा) में एक भव्य रक्तदान सह निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। इस जनहितकारी शिविर में कुल 60 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, वहीं 260 लोगों ने स्वास्थ्य जाँच कराई, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश गया।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय माहुरी वैश्य मंडल एवं नवयुवक समिति के पदाधिकारियों तथा मर्सी हॉस्पिटल के डायरेक्टर द्वारा मां मथुरासिनी के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन कर की गई। इसके उपरांत अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया गया।
शिविर में मर्सी हॉस्पिटल की ओर से चार विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें जनरल फिजिशियन डॉ. पी. एल. मिश्रा, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल शाहबादी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रोइस उद्दीन एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका अग्रवाल शामिल रहीं। चिकित्सकों ने मरीजों की विधिवत जाँच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए। निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का लाभ पाकर स्थानीय लोगों ने चिकित्सकों एवं आयोजकों की सराहना की।
कार्यक्रम में केंद्रीय माहुरी वैश्य महामंडल के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें वरीय उपाध्यक्ष प्रकाश सेठ, महामंत्री उमा शंकर चरणपहाड़ी, संगठन मंत्री प्रदीप गुप्ता, धर्म संचार मंत्री मनीष गुप्ता तथा अंतरंग समिति सदस्य अशोक वैशाखियार शामिल थे। वहीं मर्सी हॉस्पिटल की ओर से डायरेक्टर साहिल सलूजा, सोनल सलूजा, गुड्डू सिंह एवं सीईओ पी. एच. मिश्रा भी मौजूद रहे।
केंद्रीय नवयुवक समिति के अध्यक्ष संजीत तर्वे ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजनों से आम लोगों को सीधा लाभ मिलता है और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी केंद्रीय माहुरी नवयुवक समिति के तत्वावधान में ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
वक्ताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है और इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा, सहयोग एवं स्वास्थ्य के प्रति चेतना बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजन समिति ने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।
मौके पर भरकट्टा मंडल युवा अध्यक्ष अजीत चरणपहाड़ी, सचिव रामचंद्र प्रसाद, कोषाध्यक्ष अरुण तर्वे, भरकट्टा नवयुवक समिति अध्यक्ष राकेश तर्वे, कोषाध्यक्ष अमरजीत वैशाखियार, संगठन मंत्री गोलू तर्वे सहित रितेश माथुर, शंभु सेठ, चंदन तर्वे, नीतीश सेठ, रमेश सेठ, अनिकेत वैशाखियार, संतोष सेठ, मनीष तर्वे, जिप सदस्य सूरज सुमन समेत सैकड़ों लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल साबित हुआ, बल्कि समाज में सेवा भावना और आपसी सहयोग का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है।
जिला संवाददाता : संतोष कुमार तरवे









