चाईबासा (जय कुमार): पेट्रोल पंप कर्मी से 5 लाख रुपये की लूट मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल पांच अपराधियों – लखन जामुदा, साजिश केराई, शिव सामद, ऋतिक मुंडा और बिरसा मुंडा को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटे गए 85 हजार रुपये नकद, दो बाइक और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
घटना 1 सितंबर की सुबह हुई थी, जब पेट्रोल पंप के कर्मचारी विमलेश कुमार अपने सहकर्मी के साथ बैंक ऑफ बड़ौदा, चाईबासा शाखा में रुपये और चेक जमा करने पहुंचे थे। बैंक के बाहर घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए थे। इस दौरान विरोध करने पर विमलेश को पिस्तौल के बट से चोट भी पहुंचाई गई थी।
घटना के बाद एसपी राकेश रंजन ने विशेष टीम गठित कर एएसपी पारस राणा के नेतृत्व में जांच शुरू की थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को धर दबोचा। गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
गिरफ्तार अपराधियों के नाम
- लखन जामुदा, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता- स्वर्गीय नन्दु जामुदा, पोटका, होसाई, थाना- चक्रधरपुर
- साजिश केराई, उम्र करीब 25 वर्ष, पिता- श्री केराई दोमरडीहा थाना- कराईकेला
- शिवा सामद उर्फ पोतोह, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता- दिपक सामद, पोटका, थाना- चक्रधरपुर
- रितिक मुण्डा, उम्र करीब 24 वर्ष, पिता पाण्डू मुण्डा, पोटका, थाना- चक्रधरपुर
- बिरसा मुण्डा, उम्र करीब 24 वर्ष, पिता- स्वर्गीय लाल मुण्डा, धोवासाई, थाना- टोकलो शामिल है











