सांसद विद्युत बरण महतो ने झारग्राम-पुरुलिया रेल लाइन निर्माण की मांग उठाई

जमशेदपुर: सांसद विद्युत बरण महतो ने आज लोकसभा में नियम 377 के तहत झारग्राम और पुरुलिया के बीच नई रेल लाइन के निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से इस रेल लाइन की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं, लेकिन यह मांग अब तक पूरी नहीं हो पाई है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित रेल मार्ग चांडिल, निमडी, बोडाम, पटमदा, काटींन, बंधवान और झारग्राम जैसे प्रमुख स्थानों को जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा। सांसद महतो ने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि यह क्षेत्रीय आर्थिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से अपील की कि इस महत्वपूर्ण परियोजना पर शीघ्र विचार कर इसे अमलीजामा पहनाया जाए ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

Read more : सड़क मरम्मत कार्य शुरू होने पर पीस कमेटी ने एसडीएम शताब्दी मजूमदार को दी शुभकामनाएं

Leave a Comment